पंजाब में दर्दनाक हादसा: फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 6 की मौत


चंडीगढ़। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में एक भीषण सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 9 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
बैसाखी मेले से लौटते समय हादसा
जानकारी के अनुसार, लगभग 40 श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित बैसाखी मेला से लौट रहे थे। देर रात हलका बस्सी पठाना के गांव हिम्मतपुरा (भटेड़ी) के पास अचानक बस में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद बस बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत मोरिंडा और फतेहगढ़ साहिब के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन का बयान
फतेहगढ़ साहिब के एसपी शुभम अग्रवाल के अनुसार, सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
गांव में मातम का माहौल
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। मैन माजरी गांव में इस घटना से गहरा दुख है, क्योंकि एक ही गांव के कई लोगों की जान चली गई। कुछ परिवारों ने अपने एक से अधिक सदस्यों को खो दिया है, जिससे माहौल बेहद गमगीन हो गया है।
स्थानीय विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।











