नवी मुंबई एयरपोर्ट कब से ऑपरेशनल होगा? तारीख हुई पक्की, पहले फेज में 14 शहरों से उड़ानें

नवी मुंबई एयरपोर्ट कब से शुरू होगा, तारीख आई। 

Navi Mumbai Airport operational: नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब अपने पहले कमर्शियल ऑपरेशंस के लिए पूरी तरह तैयार है। 8 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन के बाद एयरपोर्ट 25 दिसंबर से यात्रियों के लिए खुल जाएगा। हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है लकिन अकासा एयर और इंडिगो ने अपनी उड़ान योजनाएं जारी कर दी हैं।

1160 हेक्टेयर में विकसित यह नया एयरपोर्ट दो रनवे और लंबे समय में 9 करोड़ यात्रियों की वार्षिक क्षमता के साथ बनाया गया है। मुंबई के मौजूदा एयरपोर्ट के साथ मिलकर यह शहर की कुल यात्री क्षमता को 145–150 मिलियन तक पहुंचा देगा। इससे मुंबई के एयर ट्रैफिक दबाव को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

अकासा एयर की पहली उड़ान 25 दिसंबर को

अकासा एयर ने सबसे पहले घोषणा करते हुए कहा कि उसकी पहली उड़ान 25 दिसंबर को दिल्ली से नवी मुंबई लैंड करेगी। शुरुआती चरण में एयरलाइन नवी मुंबई को दिल्ली, गोवा, कोच्चि और अहमदाबाद से जोड़ेगी। खास इनॉगुरल फ्लाइट (QP 1831) 25 दिसंबर को सुबह 5:25 बजे दिल्ली से उड़ान भरेगी और 8:10 बजे नवी मुंबई पहुंचेगी। शुरुआती किराया दिल्ली–नवी मुंबई रूट पर लगभग 6 हजार रुपये रखा गया है। एयरपोर्ट शुरुआत में सुबह 8 बजे से 12 घंटे काम करेगा।

इंडिगो भी 10 रूटों पर उड़ानें शुरू करेगी

इंडिगो ने शनिवार को ऐलान किया कि वह 25 दिसंबर से नवी मुंबई एयरपोर्ट से 10 घरेलू शहरों के लिए उड़ानों की शुरुआत करेगी। इनमें दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, नॉर्थ गोवा (मोपा), जयपुर, नागपुर, कोच्चि और मैंगलोर शामिल हैं। इंडिगो ने कहा कि जैसे-जैसे क्षमता बढ़ेगी, वह और डायरेक्ट रूट जोड़ती जाएगी।

अकासा एयर गोवा और दिल्ली के लिए रोज उड़ानें चलाएगी। कोच्चि के लिए हफ्ते में 5 दिन उड़ानें उपलब्ध होंगी जबकि अहमदाबाद के लिए शुरुआती चरण में बुधवार को उड़ान चलेगी और 31 दिसंबर से और सेवाएं जुड़ेंगी।

उल्वे (पानवेल) में बने इस एयरपोर्ट तक पहुंचना पहले से आसान होगा। ईस्टर्न एक्सप्रेसवे, सियन-पनवेल हाईवे और मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (अटल सेतु) के जरिए सफर का समय काफी घट जाएगा। दक्षिण मुंबई से यह यात्रा 1 से 1.5 घंटे में पूरी हो सकेगी। पनवेल रेलवे स्टेशन, राज्य परिवहन, CIDCO बसें और नवी मुंबई मेट्रो लाइन 1 से भी एयरपोर्ट तक पहुंचना सुविधाजनक होगा।

NMIA की शुरुआत से न सिर्फ मुंबई का एयर ट्रैफिक दबाव कम होगा, बल्कि पूरे पश्चिम भारत में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को भी बड़ी मजबूती मिलेगी।

(प्रियंका कुमारी)

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com