उत्तर प्रदेश: रेलवे ट्रैक किनारे बोरी में मिला नवजात का शव, इलाके में सनसनी

इटावा: ग्राम नगला राठौर के पास इटावा–मैनपुरी रेलवे ट्रैक किनारे एक बोरी में रखे नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सुबह ग्रामीणों की नजर खंभा संख्या 15/13 के पास स्थित फीडर पिलर बॉक्स के नीचे पड़ी बोरी पर पड़ी, जिसमें नवजात का शव था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस के अनुसार मृत नवजात लड़का है. प्रारंभिक परीक्षण में उसके शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. सबसे अहम बात यह रही कि शिशु की नाल अभी नाभि से जुड़ी हुई थी, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि जन्म के कुछ ही समय बाद उसे यहां छोड़ दिया गया. इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश और शोक दोनों देखने को मिला. जिस स्थान पर शव मिला है, वहां से रेलवे लाइन गुजरती है. इसे देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. भूपेंद्र राठी, प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि किसी व्यक्ति ने ट्रेन से उतरकर या आसपास के क्षेत्र से आकर नवजात को यहां रख दिया हो। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शिशु की मृत्यु कैसे हुई.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का सही पता चल सके। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है और रेलवे से जुड़े कर्मियों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही, हाल के दिनों में आसपास के गांवों में हुई डिलीवरी की जानकारी भी जुटाई जा रही है.
घटना के बाद क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक मासूम के साथ इतनी बेरहमी कैसे की जा सकती है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहन जांच कर दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा.











