फतेहपुर में गरजे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक: ‘मेरा गांव, मेरा तीर्थ’ में नागेश्वर धाम का किया लोकार्पण, हर जिले में खुलेगा ट्रॉमा सेंटर

फतेहपुर: जिले के ललौली क्षेत्र स्थित ग्राम हिम्मतपुर में ‘मेरा गांव, मेरा तीर्थ’ कार्यक्रम के तहत आयोजित भव्य समारोह में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शिरकत कर नागेश्वर धाम आश्रम का लोकार्पण किया. इस दौरान डिप्टी सीएम ने मंच से गांव की परंपरा, संस्कृति और मिट्टी से जुड़ने का संदेश देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज की सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हैं और लोगों को एक सूत्र में बांधते हैं.

कार्यक्रम में प्रतिभा सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जहां डिप्टी सीएम ने मुख्य अतिथि के रूप में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया. डिप्टी सीएम ने मंच से बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के प्रत्येक जिले में ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए जाएंगे. इससे आम जनता को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा.

एसआईआर फार्म नोटिस पर साफ संदेश: “प्रमाण चुनाव आयोग को देना होगा”

एसआईआर फार्म नोटिस के मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि एसआईआर वर्ष 2003 में भी हो चुका है. यदि एसआईआर से संबंधित कोई नोटिस जारी होती है तो उसका प्रमाण पत्र चुनाव आयोग को प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा. केंद्र और प्रदेश सरकार के बजट पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट महिलाओं और देशहित को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है. सरकार की प्राथमिकता विकास, सुरक्षा और जनकल्याण है.

राहुल गांधी पर तीखा पलटवार: “विरोध उनका काम, विकास सरकार का लक्ष्य”

राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि विरोध करना उनका काम है, जबकि सरकार विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रही है. कार्यक्रम में राज्य मंत्री अजीत पाल, आरएसएस प्रचारक स्वत रंजन जी, बिंदकी विधायक जय कुमार ‘जैकी’, जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com