अक्टूबर में म्यूचुअल फंड्स का कुल नकद भंडार 4.11% बढ़कर 2.09 लाख करोड़ हुआ

(एपी सिंह ) मुंबई। अक्टूबर माह में भारतीय शेयर बाजारों की तेजी और विदेशी निवेशकों की वापसी के बावजूद इक्विटी म्यूचुअल फंड्स ने अपने नकद भंडार को उच्च स्तर पर बनाए रखा है। इसका मतलब यह है कि फंड मैनेजरों ने बाजार में तेजी के बावजूद सावधानी बरतते हुए अपने पोर्टफोलियो का एक हिस्सा नकद रूप में सुरक्षित रखा। फंड मैनेजरों ने यह कदम बाजार में संभावित उतार-चढ़ाव और ऊंचे वैल्यूएशन को देखते हुए एहतियाती रणनीति के रूप में उठाया।

एसीई इक्विटीज के आंकड़ों के अनुसार, सक्रिय इक्विटी योजनाओं में औसत नकद होल्डिंग अक्टूबर में बढ़कर 4.11 प्रतिशत हो गई, जो सितंबर में 4.10 प्रतिशत थी। कुल नकद भंडार का मूल्य 1.99 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 2.09 लाख करोड़ रुपए हो गया। यह वृद्धि तब हुई जब विदेशी निवेशकों ने अक्टूबर में भारतीय शेयरों में लगभग 1.6 अरब डॉलर का निवेश किया, जिसे अमेरिका के साथ संभावित व्यापार समझौते और मजबूत तिमाही नतीजों से प्रोत्साहन मिला।

विश्लेषकों के अनुसार फंड मैनेजर नकदी इसलिए रखते हैं, ताकि अचानक बाजार गिरावट की स्थिति में उन्हें निवेश के अवसर मिल सकें या रिडेम्प्शन की मांग पूरी की जा सके। लेकिन अधिक नकद रखना भी चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि इससे संभावित रिटर्न कम हो सकता है। इस समय अधिकांश फंड हाउसों की सतर्कता का कारण यह है कि शेयरों का मूल्यांकन ऐतिहासिक औसत की तुलना में काफी ऊंचा है।

इसलिए वे आक्रामक निवेश करने के बजाय कमाई की गति और उचित मूल्यांकन के हिसाब से धीरे-धीरे पूंजी लगा रहे हैं। मुख्य फंड हाउसों में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड के पास सबसे ज्यादा 32,800 करोड़ का नकद भंडार है, जो इसके कुल प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियों का लगभग 6.5 प्रतिशत है। इसके बाद एसबीआई म्यूचुअल फंड और पाराग पारिख म्यूचुअल फंड क्रमशः 31,900 करोड़ रुपए (4.2%) और 29,160 करोड़ रुपए (22.2%) नकद रखे हैं।

कई फंड्स जैसे मोतीलाल ओसवाल, क्वांट, और इनवेस्को ने भी अपनी नकद अनुपात में वृद्धि की है, जबकि सैमको, एनजे और ओल्ड ब्रिज म्यूचुअल फंड्स ने अपन नकद हिस्सेदारी घटाई है। समग्र रूप से देखा जाए तो यह रुझान बताता है कि म्यूचुअल फंड उद्योग वर्तमान तेजी के बावजूद सतर्कता से निवेश की रणनीति अपना रहा है, ताकि संभावित बाजार सुधार की स्थिति में अवसरों का लाभ उठाया जा सके।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com