नवोदय के छात्र ने बाथरूम के पीछे लगाई फांसी:गमछे से लकटता मिला शव, छठवीं में पढ़ता था, एक दिन पहले छुट्टी से लौटा था

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बारसूर नवोदय विद्यालय में छठवीं में पढ़ने वाले छात्र ने फांसी लगा ली। गुरुवार सुबह हॉस्टल बाथरूम के पीछे गमछे के फंदे से लटकता हुआ शव मिला। बताया जा रहा है कि वह एक दिन पहले ही छुट्टी से स्कूल लौटा था तब से काफी उदास था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना बारसूर थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, सुनील पोडियामी (11) कटेकल्याण के गाटम का रहने वाला था। पिता खेती-किसानी का काम करते हैं। इसी साल छात्र का बारसूर नवोदय विद्यालय में एडमिशन हुआ था। दिवाली की छुट्टी पर घर गया हुआ था। एक दिन पहले यानी 29 अक्टूबर को वह छुट्टी से घर लौटा था। परिजन उसे स्कूल में छोड़कर गए थे। साथी बच्चों की मानें तो ये काफी रो रहा था।

छात्र ने सुबह लगाई फांसी

स्कूल में रहना नहीं चाह रहा था। उदास था। वहीं आज सुबह उसने हॉस्टल बाथरूम के पीछे गमछे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। स्कूल के अन्य बच्चों ने शव देखा और इसकी जानकारी स्कूल स्टाफ को दी गई। स्टाफ ने जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस टीम और तहसील की भी टीम मौके पर पहुंची।

इस मामले में ASP आरके बर्मन और SDOP गोविंद सिंह दीवान ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि बच्चे ने आखिर सुसाइड क्यों किया है।