प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले कांग्रेस ने पूछे 21 सवाल, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए 21 सवालों की एक सूची जारी की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेस वार्ता कर प्रधानमंत्री से जवाब मांगते हुए आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए करोड़ों रुपये सिर्फ स्वागत कार्यक्रमों पर खर्च किए जा रहे हैं, जबकि अस्पतालों में दवाओं की कमी है और जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है।

कांग्रेस ने कहा है कि जब से केंद्र में भाजपा सरकार आई है, तब से महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। गैस सिलेंडर की कीमत, बिजली बिल, महतारी वंदन योजना, किसानों की समस्याओं और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री को जनता को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार सिर्फ झूठे वादों पर चल रही है और आम लोगों को राहत देने की कोई ठोस नीति नहीं बनाई गई है।

बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद से शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की स्थिति बिगड़ती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। वहीं, गरीब परिवारों को मिलने वाले लाभकारी योजनाओं में भी गड़बड़ी हो रही है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सिर्फ विज्ञापनबाजी में व्यस्त है और जनता की वास्तविक समस्याओं की अनदेखी कर रही है। पार्टी नेताओं ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे पर जो करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वह राशि अस्पतालों और स्कूलों की व्यवस्था सुधारने में लगाई जानी चाहिए थी।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर जनता के सवालों का जवाब नहीं मिला, तो वह सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने कहा कि अब जनता झूठे वादों में नहीं आएगी और सरकार को जवाब देना ही होगा कि महंगाई, बेरोजगारी और विकास के मुद्दों पर क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।

प्रधानमंत्री का दौरा प्रदेश के कई हिस्सों में प्रस्तावित है, और माना जा रहा है कि वह इस दौरान कई नई योजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस ने पहले ही मोर्चा खोल दिया है और यह मुद्दा अब राजनीतिक गरमाहट बढ़ाने वाला साबित हो सकता है।