अवैध वसूली में SSP का कड़ा एक्शन! ASI और कॉन्स्टेबल सस्पेंड

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध वसूली की गंभीर शिकायतों के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है।
एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीपत थाने में पदस्थ एएसआई (ASI) सहेत्तर कुर्रे और कॉन्स्टेबल आशीष मिश्रा को निलंबित (Suspend) कर दिया है। यह कार्रवाई प्रारंभिक जांच में दोनों पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद की गई है।
शिकायत के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मियों पर वाहन जांच और चालानी कार्रवाई का डर दिखाकर एक व्यापारी से ₹24,000 की अवैध उगाही करने का आरोप है।
इससे भी अधिक गंभीर मामला एक एनटीपीसी (NTPC) कर्मी से जुड़ा है। पुलिसकर्मियों ने उस कर्मी पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगाकर ₹50,000 की मांग की और धमकी दी।
इस धमकी से डरकर कर्मचारी ने कथित तौर पर जहर पी लिया, जिसका इलाज अपोलो अस्पताल में चल रहा है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने दोनों शिकायतों की जांच एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल को सौंपी थी।
प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि वसूली की गई राशि दो किश्तों में एक प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर राजेश्वर कश्यप के खाते में ट्रांसफर की गई थी, जिसका थाने में आना-जाना था।
जांच में एएसआई सहेत्तर कुर्रे और आरक्षक आशीष मिश्रा की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, एसएसपी ने इस पूरे मामले की विभागीय जांच के भी निर्देश जारी किए हैं।










