बिलासपुर गोलीकांड…कांग्रेस नेता अकबर खान गिरफ्तार:वारदात से पहले मास्टरमाइंड के साथ की थी मीटिंग; तारकेश्वर-नागेंद्र ने शूटर्स को दिलवाए थे 1 लाख

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में राजनीतिक वर्चस्व और जमीन बिजनेस की लड़ाई के चलते कांग्रेस नेता नीतेश सिंह पर गोली चलाई गई थी। इस मामले में अब पुलिस ने कांग्रेस नेता अकबर खान को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि गोलीकांड से पहले मुख्य आरोपी विश्वजीत की कांग्रेस नेता अकबर खान के साथ मीटिंग हुई थी।

अकबर खान के साथ एक और आरोपी देवेश सुमन उर्फ निक्कु सुमन को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार अकबर खान नीतेश सिंह पर फायरिंग कराने की साजिश में शामिल था। वहीं हत्या कराने के लिए कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय ने सुपारी दी थी। विश्वजीत को तारकेश्वर पाटले ने शूटर्स को देने के लिए एक लाख रुपए उपलब्ध कराए थे।

पुलिस नागेंद्र राय और तारकेश्वर पाटले की तलाश कर रही है। हालांकि, दोनों पुलिस पकड़ से बाहर है। इधर, पुलिस ने हमले के मास्टरमाइंड विश्वजीत अनंत, उसके भाई समेत 4 आरोपियों से पिस्टल-कट्‌टा बरामद किया है। इस मामले में अब तक 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के कार्यालय में 28 अक्टूबर की देर शाम नकाबपोश शूटरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं थी। इस फायरिंग के दौरान मौके पर मौजूद मुड़पार के पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह के हाथ और एक रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ ‘राजू सिंह’ के पैर पर 2 गोलियां लगीं थी।

वहीं एक गोली पीठ को छूकर निकल गई। बचाव में जब नीतेश ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से रिटर्न फायर किया, तो शूटर भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल चंद्रकांत सिंह (55) और राजू सिंह (45) को अपोलो अस्पताल ले जाया गया।

24 घंटे में पकड़ाए शूटर्स समेत मास्टरमाइंड

पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर सभी शूटर समेत मास्टरमाइंड विश्वजीत को पकड़ लिया। जिसके बाद इन आरोपियों से पूछताछ की गई। कांग्रेस नेता नीतेश की हत्या की साजिश की जांच और आरोपियों से पूछताछ के लिए 4 आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया। इस दौरान सभी से लगातार पूछताछ की गई। इनसे जानकारी ली जा रही है कि पिस्टल-कट्‌टा और कारतूस कहां से मिला।

वारदात से पहले अकबर खान के साथ मीटिंग

SSP रजनेश सिंह ने बताया कि, आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली है। गोलीकांड से पहले आरोपी विश्वजीत की श्रीकांत वर्मा मार्ग पर कांग्रेस नेता अकबर खान के साथ मीटिंग हुई थी, जिसका पुलिस ने CCTV वीडियो भी जब्त किया है।

जांच में पता चला है कि अकबर खान अपने करीबी विश्वजीत के माध्यम से मस्तूरी क्षेत्र में जमीन का कारोबार करता था। उसके खिलाफ साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया है।

कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय भी साजिश में शामिल

SSP रजनेश सिंह ने बताया कि, गिरफ्तार आरोपियों का कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय के साथ करीबी संबंध रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। जिसमें कांग्रेस नेता नीतेश की हत्या की साजिश में तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय के शामिल होने की जानकारी मिली है।

इस घटना के मास्टरमाइंड विश्वजीत को तारकेश्वर पाटले ने शूटर्स को देने के लिए एक लाख रुपए उपलब्ध कराए। जबकि, नागेंद्र राय भी हत्या की प्लानिंग में शामिल रहा। इसी आधार पर पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। हालांकि, तारकेश्वर और नागेंद्र राय पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

सरगना समेत बदमाशों से पिस्टल-कट्‌टा बरामद

गिरफ्तार आरोपी और सरगना विश्वजीत अनंत, उसके भाई और अन्य आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 5 पिस्टल बरामद किया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पिस्टल को हाईवे के आसपास छिपाकर रखा था।

हालांकि, अभी यह पता नहीं चला है कि, आरोपियों ने इतनी बड़ी मात्रा में पिस्टल, कट्‌टा और कारतूस कहां से जुटाए थे। यह माना जा रहा है कि विश्वजीत का उत्तरप्रदेश के मवेशी तस्करों से संबंध रहा है। ऐसे में वो उत्तरप्रदेश से पिस्टल और कट्‌टा लेकर आया होगा। हालांकि, पुलिस हथियार उपलब्ध कराने वालों की भी जानकारी जुटा रही है।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com